कस्टम मिलिंग का धान डकारने वाले मिलरों पर प्रशासन का सख्त एक्शन: खाद्य विभाग ने दो राइस मिलों को किया सील
बिलासपुर: सरकारी गोदामों और उपार्जन केंद्रों से कस्टम मिलिंग के लिए धान का उठाव कर उसे खुर्द-बुर्द करने वाले मिल संचालकों के खिलाफ जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है। मिल परिसरों से शासकीय धान गायब पाए जाने की गंभीर अनियमितता पर खाद्य विभाग की टीम ने कोटा स्थित ‘राजमुनि एग्रो राइस मिल’ और बहतराई स्थित ‘पार्वती राइस मिल’ के गोदामों का औचक निरीक्षण किया और भारी गड़बड़ी मिलने पर दोनों मिलों के शटर बंद कर उनमें सरकारी ताला जड़ दिया है।
छापामार कार्रवाई में करीब 40 हजार क्विंटल धान मिला कम: मिल संचालकों पर केस दर्ज, 20 अन्य को थमाया नोटिस
गुरुवार को अंजाम दी गई इस बड़ी छापामार कार्रवाई के दौरान दोनों मिलों के भौतिक सत्यापन और स्टॉक मिलान में कुल 39 हजार 716.4 क्विंटल सरकारी धान कम पाया गया। इस अनियमितता के चलते टीम ने पार्वती राइस मिल परिसर में मौजूद 29 हजार 150 क्विंटल धान तथा 1,600 क्विंटल चावल को तत्काल प्रभाव से जब्त कर लिया है। पूरे मामले में दोनों मिल संचालकों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है, साथ ही समय पर कस्टम मिलिंग का चावल जमा करने में हीलाहवाली कर रहे 20 अन्य मिलरों को भी कारण बताओ नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.