26/11 के मुंबई हमले में आतंकियों से लोहा लेने वाले जांबाज अधिकारी संदीप खिरटकर अब रायपुर में संभाल रहे सुरक्षा की कमान
रायपुर: 26 नवंबर 2008 की उस भयावह रात को जब मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) पर आधुनिक एके-47 राइफलों से लैस पाकिस्तानी आतंकी अजमल कसाब और अबू इस्माइल मासूम यात्रियों पर अंधाधुंध गोलियां बरसा रहे थे, तब चारों तरफ चीख-पुकार और भगदड़ मची हुई थी। उस संकट की घड़ी में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के तत्कालीन इंस्पेक्टर संदीप तानाजी खिरटकर ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए महज एक पुरानी .303 राइफल के दम पर उन खूंखार आतंकियों का डटकर मुकाबला किया था। अपने साथी जवानों के साथ मिलकर की गई उनकी सटीक जवाबी फायरिंग ने आतंकियों के कदम रोक दिए थे और उन्हें अपना रास्ता बदलने पर मजबूर कर दिया था। मुंबई हमले में आतंकियों के दांत खट्टे करने वाले यही जांबाज अधिकारी संदीप खिरटकर पिछले एक वर्ष से रायपुर रेल मंडल में सहायक सुरक्षा आयुक्त (ASC) के पद पर तैनात हैं और वर्तमान में रेल यात्रियों की सुरक्षा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
आतंकी हमले की सूचना मिलते ही सात मिनट में पहुंचे थे स्टेशन: जवाबी फायरिंग कर आतंकियों को खदेड़ा
सर्वोच्च न्यायालय के फैसले में दर्ज आधिकारिक बयान के मुताबिक, 26/11 हमले के वक्त खिरटकर सीएसएमटी स्टेशन पर आरपीएफ इंस्पेक्टर के रूप में पदस्थ थे। उस रात जब वे अपने सरकारी आवास पर मौजूद थे, तभी उन्हें कॉन्स्टेबल जाधव का फोन आया और स्टेशन पर आतंकी हमला होने की सूचना मिली। खबर मिलते ही वे बिना एक पल गंवाए अपनी मोटरसाइकिल से स्टेशन के लिए रवाना हो गए और महज पांच से सात मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने जीएम कार्यालय स्थित आरपीएफ शस्त्रागार से एक .303 राइफल और 20 राउंड कारतूस लिए तथा सब-इंस्पेक्टर भोसले और इंस्पेक्टर क्षीरसागर के साथ डीएन रोड की तरफ बने जीएम पोर्च पर मोर्चा संभाल लिया। वहां उन्होंने कसाब और अबू इस्माइल को सबवे के नजदीक से पोर्च की ओर बढ़ते हुए देखा; जैसे ही आतंकियों ने एके-47 से गोलियां चलानी शुरू कीं, खिरटकर और उनके जांबाज साथियों ने भी मोर्चा खोलते हुए जवाबी फायरिंग शुरू कर दी। इस सटीक और निडर कार्रवाई के दबाव में आकर दोनों आतंकी पीछे हटने को मजबूर हुए और वापस स्टेशन परिसर में दाखिल होकर प्लेटफॉर्म नंबर-1 के फुट ओवरब्रिज के रास्ते बाहर की ओर निकल भागे।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.