Local & National News in Hindi

पानीपत में मानवता को झकझोर देने वाला मामला, भाई की अर्थी उठी पर बहन वीडियो कॉल पर देखती रही

27

पानीपत: हरियाणा के पानीपत जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। यहाँ सेक्टर-25 स्थित एक फैक्ट्री में कार्यरत करीब 40 वर्षीय गयाप्रसाद की अचानक दिल का दौरा पड़ने से मृत्यु हो गई। मौत के बाद जब स्थानीय सामाजिक संस्था ने उसकी बहन को इस अनहोनी की सूचना दी और अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए बुलाया, तो उसने आने से साफ मना कर दिया। हद तो तब हो गई जब भाई का अंतिम संस्कार मोबाइल की स्क्रीन पर वीडियो कॉल के जरिए दिखाया गया, लेकिन सगी बहन की आंखों में एक बूंद आंसू तक नहीं आया।

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के रहने वाले थे गयाप्रसाद, दिल का दौरा पड़ने से हुई मौत

मृतक गयाप्रसाद मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जिला बाराबंकी के अंतर्गत आने वाले जफरपुर गांव के निवासी थे। वह पानीपत की सेक्टर-25 स्थित एक फैक्ट्री में काम करके अपना जीवनयापन कर रहे थे। अचानक तबीयत बिगड़ने से उनकी मौत होने के बाद शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया था। ‘जनसेवा दल’ के सदस्यों ने जब परिजनों की तलाश शुरू की, तो उत्तर प्रदेश में रहने वाली उनकी बहन मालती से संपर्क साधा गया। संस्था के पदाधिकारियों ने उसे भाई के निधन की दुखद सूचना दी और अंतिम संस्कार के लिए पानीपत पहुँचने का आग्रह किया, परंतु मालती ने दूरी और घरेलू व्यस्तता का हवाला देकर आने से इनकार कर दिया।

संस्था प्रमुख के समझाने पर भी नहीं पसीजा दिल, बैंक खाते और पीएफ के पैसों पर रहा ध्यान

जब जनसेवा दल के प्रधान चमन लाल गुलाटी ने वीडियो कॉल के माध्यम से बहन को भाई की अंतिम विदाई का दृश्य दिखाया और उसे एहसास कराया कि भाई-बहन का रिश्ता कितना पवित्र होता है, तब जाकर वीडियो कॉल पर मौजूद मालती और उसकी बेटी की आंखें कुछ देर के लिए नम हुईं। हालांकि, इसके बावजूद उनका दिल नहीं पसीजा और उन्होंने पानीपत आने की इच्छा बिल्कुल नहीं जताई। सबसे हैरानी की बात यह रही कि संवेदनाएं जताने के बजाय बहन का पूरा ध्यान मृतक के बैंक खाते और पीएफ (PF) में जमा पैसों के बारे में पूछताछ करने पर रहा। इतना ही नहीं, जब संस्था ने उन्हें पानी आकर भाई की अस्थियां ले जाने को कहा, तो उसने उससे भी साफ इंकार कर दिया।

पत्नी भी बच्चों को पहले ही छोड़ चुकी थी साथ, सामाजिक संस्था ने निभाया अंतिम फर्ज

प्राप्त जानकारी के अनुसार गयाप्रसाद विवाहित थे, किंतु आपसी परिस्थितियों के चलते उनकी पत्नी काफी समय पहले ही बच्चों को लेकर उन्हें छोड़कर जा चुकी थी। इसके पश्चात वह अकेले ही जीवन व्यतीत कर रहे थे। जिंदगी के इस आखिरी सफर में न तो उनकी पत्नी उन्हें विदाई देने पहुँची और न ही सगी बहन ने अंतिम दर्शन करने की सुध ली। ऐसे बेसहारा और लावारिस हालात में आगे आकर ‘जनसेवा दल’ के समर्पित सदस्यों ने मानवीय दृष्टिकोण का परिचय दिया और पूरी विधि-विधान व सम्मान के साथ गयाप्रसाद का अंतिम संस्कार संपन्न कराया।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.