सहकारी समिति कर्मचारियों की हड़ताल जारी:2 सूत्रीय मांगों के निराकरण की रखी मांग, ऋण वसूली, खाद वितरण, राशन वितरण कार्य प्रभावित
राष्ट्र चंडिका, सिवनी। सिवनी में सहकारी कर्मचारियों की हड़ताल लगातार जारी है। सहकारी कर्मचारियों ने बताया कि विगत लंबे समय से सेवा नियम अनुसार वेतनमान लागू किए जाने की मांग कर रहे हैं। सहकारी समिति कर्मचारी मांगे पूरी नहीं होने पर 6 मई से समितियों में तालाबंदी कर, सारे काम बंद करते हुए अनिश्चित कालीन हड़ताल पर चले गए हैं।
मध्यप्रदेश सहकारी समिति कर्मचारी महासंघ के अवाहन पर जिले की सहकारी समितियों में कार्यरत सैकड़ों कर्मचारियों ने मुख्यालय के अम्बेडकर चौक में आंदोलन शुरू कर दिया है। सहकारी समिति कर्मचारी महासंघ जिलाध्यक्ष वंशी ठाकुर ने बताया कि सेवा नियम अनुसार सहकारी समिति के कर्मचारियों को शासकीय कर्मचारी का दर्जा देकर समतुल्य वेतनमान दिए जाने की मांग की जा रही हैं। लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिल रहा है। सरकार लिखित आश्वासन के बाद मांगे मानने को तैयार नहीं है। 2 सूत्रीय मांगों के निराकरण की मांग जिसमें सभी सहकारी समिति में कार्य करने वाले कर्मचारियों को शासकीय कर्मचारी का दर्जा देकर तत्काल समतुल्य वेतनमान दिए जाने का आदेश लागू करने, निजी उपभोक्ता भंडार, स्व सहायता समूह एवं वन समिति सहित अन्य द्वारा खाद्यान्न (राशन) वितरण पर कमीशन 200 रुपए प्रति क्विंटल देने सहित अन्य मांगें शामिल हैं। हड़ताल की वजह से ऋण वसूली प्रभावित हो रही है। यह भी बताया कि मांगों को लेकर लंबे समय से सहकारी कर्मचारियों की ओर से शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया जा रहा है। लेकिन सरकार की ओर से कर्मचारियों के हितों में अब तक किसी प्रकार के सकारात्मक कदम नहीं उठाए गए हैं। जिससे कर्मचारियों में रोष व्याप्त है।