हिसार के महिला छात्रावासों में अब सिर्फ महिला कर्मचारियों की होगी तैनाती, पुरुष स्टाफ को हटाया जाएगा
हिसार: हरियाणा के हिसार स्थित महिला शिक्षण संस्थानों और छात्रावासों की सुरक्षा तथा व्यवस्था को लेकर महिला आयोग ने एक बड़ा और सख्त निर्णय लिया है। इसके तहत अब राज्य के सभी महिला हॉस्टल्स में कुक, सफाई कर्मचारी, गैर-शैक्षणिक स्टाफ, क्लर्क और वार्डन समेत तमाम पदों पर केवल महिला कर्मियों को ही नियुक्त किया जाएगा। जिन परिसरों में फिलहाल पुरुष कर्मचारी अपनी सेवाएं दे रहे हैं, उन्हें तत्काल प्रभाव से वहां से हटाकर अन्य स्थानों पर ट्रांसफर किया जाएगा। महिला आयोग ने इस बाबत प्रदेश के तमाम विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों से उनके हॉस्टल्स में रहने वाली छात्राओं की कुल संख्या और वहाँ तैनात कर्मचारियों का पूरा ब्योरा तलब किया है।
महिला आयोग की वाइस चेयरपर्सन मीना परमार ने दी जानकारी, शिकायतों के बाद उठाया गया कदम
इस महत्वपूर्ण फैसले की जानकारी देते हुए महिला आयोग की वाइस चेयरपर्सन मीना परमार ने सोमवार को गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (GJUS&T) हिसार में एक विशेष बातचीत के दौरान साझा की। उन्होंने बताया कि आयोग को लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ महिला छात्रावासों में पुरुष कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जिनमें से कई जगहों पर वे रसोइया (कुक) के रूप में भी काम कर रहे हैं। इन तमाम मामलों को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए आयोग ने सभी शैक्षणिक संस्थानों से रिपोर्ट तलब की है और निर्देश दिए हैं कि ऐसे सभी पुरुष कर्मियों को तुरंत प्रभाव से महिला हॉस्टल से हटाकर दूसरी जगह शिफ्ट किया जाए।
संस्थानों में इंटरनल कंप्लेंट कमेटी (ICC) का गठन हुआ अनिवार्य, 90 दिनों के भीतर करना होगा शिकायतों का निपटारा
मीना परमार ने आगे स्पष्ट करते हुए कहा कि राज्य के सभी शिक्षण संस्थानों और अन्य कामकाजी जगहों पर ‘इंटरनल कंप्लेंट कमेटी’ (ICC) का गठन करना कानूनी रूप से अनिवार्य कर दिया गया है, और इस संबंध में कड़े आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। यदि किसी संस्थान में यह कमेटी गठित नहीं पाई जाती है, तो उस संस्थान के प्रमुख या अध्यक्ष के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि आईसीटी या आईसीसी के पास आने वाली किसी भी प्रकार की शिकायत की निष्पक्ष जांच करके उसका निपटारा अधिकतम 90 दिनों के भीतर किया जाना आवश्यक होगा।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.