Local & National News in Hindi

पारंपरिक खानपान और नवाचार में आगे निकला भोपाल, पेटा इंडिया ने घोषित किया ‘मोस्ट वीगन-फ्रेंडली सिटी 2026’

28

भोपाल: पशु कल्याण, पारंपरिक खानपान और आधुनिक नवाचारों की दिशा में उल्लेखनीय कदम उठाते हुए मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। प्रसिद्ध संस्था पेटा (PETA) इंडिया ने भोपाल को वर्ष 2026 के लिए आधिकारिक तौर पर ‘मोस्ट वीगन-फ्रेंडली सिटी’ घोषित किया है। पेटा की ओर से यह प्रतिष्ठित सर्टिफिकेट भोपाल की महापौर मालती राय को प्रदान किया गया है। शहर के स्थानीय कैफे और फूड आउटलेट्स में अब वीगन जीवनशैली अपनाने वाले नागरिकों के लिए बिना किसी पशु-उत्पाद के लजीज व्यंजनों की एक विस्तृत श्रृंखला उपलब्ध है।

प्लांट-बेस्ड व्यंजनों की भरमार, टमाटर सेव की सब्जी और सोया मिल्क कॉफी ने जीते दिल

राजधानी के भोजनालयों में अब प्लांट-बेस्ड कबाब, डेयरी-फ्री चीजकेक, पिज्जा, आइसक्रीम और डेयरी-फ्री कॉफी जैसे स्वादिष्ट विकल्प आसानी से मिल रहे हैं, जिनमें दूध, मक्खन, घी या अंडे का बिल्कुल इस्तेमाल नहीं होता। पेटा इंडिया की सीनियर मैनेजर डॉ. किरण आहुजा ने अपने भोपाल दौरे के दौरान यहां के पारंपरिक स्वाद ‘टमाटर सेव की सब्जी’ और ‘सोया मिल्क कॉफी’ का लुत्फ उठाया और इन व्यंजनों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

पारंपरिक जायकों में भी वीगन बदलाव, बिना डेयरी उत्पादों के परोसे जा रहे पसंदीदा व्यंजन

शहर की पारंपरिक खानपान संस्कृति में भी अब वीगन बदलाव साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। पोहा, जलेबी, पानीपुरी, भेलपुरी, कचौरी और सिंधी दाल पकवान जैसे लोकप्रिय स्थानीय व्यंजनों को अब पारंपरिक घी और अन्य डेयरी उत्पादों के विकल्प के रूप में पौधे-आधारित सामग्री से तैयार किया जा रहा है। इससे लोग अपने मनपसंद पारंपरिक स्वाद का लुत्फ बिना किसी पशु-उत्पाद के पूरी संतुष्टि के साथ उठा पा रहे हैं।

आईआईएसईआर भोपाल ने पेश की अनूठी मिसाल, कैंपस के डाइनिंग हॉल में शुरू हुआ वीगन भोजन

भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (IISER) भोपाल ने इस दिशा में एक अनुकरणीय पहल की है। संस्थान के ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंस विभाग की प्रोफेसर डॉ. अदिति और विद्यार्थियों के प्रयासों से डाइनिंग हॉल-3 में विशेष रूप से वीगन भोजन की शुरुआत की गई है, जहाँ सोया मिल्क और टोफू आधारित पौष्टिक व्यंजन परोसे जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, संस्थान की एनिमल वेलफेयर कमेटी परिसर के बेसहारा और मूक जीवों की देखभाल के लिए लगातार सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।

त्योहारों और विशेष आयोजनों के जरिए युवाओं को वीगन जीवनशैली के प्रति किया जा रहा जागरूक

‘वीगन्स ऑफ भोपाल’ कम्युनिटी से जुड़े अयान अली सिद्दीकी ने त्योहारों के दौरान पशु-मुक्त खानपान का संदेश देकर समाज के सामने एक सकारात्मक उदाहरण पेश किया है। हाल ही में पेटा द्वारा आईआईएसईआर कैंपस में ‘टेस्ट सब्जेक्ट वी’ फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई, जिसके दौरान छात्रों को सोया कीमा पाव और ओट मिल्क चाय परोसी गई, ताकि युवा पीढ़ी को वीगन लाइफस्टाइल के लाभों और पशु कल्याण के प्रति जागरूक किया जा सके।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.