बेतिया: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया क्षेत्र में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की खुशियां उस समय गम में तब्दील हो गईं, जब संध्या अर्घ्य देकर घाट से लौट रहे लोगों को एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कुचल दिया। रविवार (15 नवंबर) देर शाम मझौलिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत एनएच-727 पर स्थित लालसरैया ठरेसरी चौक के पास हुए इस भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के चार सदस्यों समेत कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस भयावह दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और भारी अफरातफरी मच गई।
बाइक सवार दो युवकों की घटनास्थल पर ही गई जान
मझौलिया के लालसरैया ठरेसरी चौक के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क पर चल रहे राहगीरों और एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान बेतिया नगर थाना क्षेत्र के द्वारदेवी चौक निवासी 26 वर्षीय खालिद और लिबर्टी सिनेमा चौक निवासी 26 वर्षीय ओसामा के रूप में हुई है।
छठ घाट से लौट रहा पूरा परिवार हादसे का शिकार, पीएमसीएच रेफर
इस दर्दनाक हादसे में संध्या अर्घ्य संपन्न कर छठ घाट से अपने घर लौट रहे लालसरैया निवासी अशोक चौधरी, उनकी पत्नी ललिता देवी, पुत्री आराध्या कुमारी और पुत्र अन्मय कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेतिया से पटना के पीएमसीएच (PMCH) के लिए रेफर कर दिया है। इसके अतिरिक्त, सड़क किनारे बैठे स्थानीय निवासी विकासचंद शील भी इस चपेट में आकर घायल हो गए हैं, जिनका इलाज वर्तमान में बेतिया के जीएमसीएच (GMCH) अस्पताल में जारी है।
ग्रामीणों ने दिखाई सूझबूझ, स्कॉर्पियो सवार दो लोगों को पकड़कर पुलिस को सौंपा
यह दुर्घटना इतनी डरावनी थी कि बेकाबू वाहन से बचने के लिए राहगीर इधर-उधर भागने लगे। घटना के तुरंत बाद सतर्क स्थानीय ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए स्कॉर्पियो में सवार दो लोगों को मौके पर ही दबोच लिया। सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल घटनास्थल पर पहुँचा और ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलों को अस्पताल पहुँचाया गया। बेतिया के एसडीपीओ-1 अजीत कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने हिरासत में लिए गए दोनों आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, इस हादसे में स्कॉर्पियो चालक और एक अन्य व्यक्ति के भी घायल होने की सूचना है, जिनका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.