पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने जाना खेलों में कॅरियर का महत्व

मेजर ध्यानचंद सिंथेटिक हॉकी स्टेडियम एवं खेल कार्यालय के शैक्षणिक भ्रमण में मिली उपयोगी जानकारी

राष्ट्र चंडिका न्यूज़,सिवनी / पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय सिवनी के 170 छात्र-छात्राओं ने जिला खेल कार्यालय एवं मेजर ध्यानचंद सिंथेटिक हॉकी स्टेडियम का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस अवसर पर छात्रों को खेल और युवा कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, खेल गतिविधियों एवं सुविधाओं की जानकारी प्रदान की गई। खेलों में भविष्य की संभावनाओं को लेकर छात्रों के मन में विशेष जिज्ञासा देखी गई। इस दौरान उन्हें बताया गया कि खेल न केवल व्यक्तित्व विकास का एक महत्वपूर्ण माध्यम है, बल्कि इसमें उज्जवल भविष्य की भी अपार संभावनाएँ हैं। विभाग द्वारा खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं में भागीदारी के अवसर, वित्तीय सहायता और पुरस्कार जैसी सुविधाएँ प्रदान की जाती हैं। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी श्रीमती मनु धुर्वे ने छात्रों को खेलों को करियर के रूप में अपनाने हेतु प्रेरित किया और उन्हें यह जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने के लिए कहा। उन्होंने बताया कि खेलों में न केवल शारीरिक और मानसिक मजबूती मिलती है, बल्कि यह करियर के लिए भी एक सशक्त माध्यम है।

 

   इस शैक्षणिक भ्रमण में खेल विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा विद्यालय के शिक्षक नवीन कुमार अवधिया, एम. एस. बिनवार, श्रीमती अनामिका तिवारी, श्रीमती प्रेमलता सिंह एवं श्रीमती कोज यामी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने छात्रों को इस अनुभव से अधिकतम लाभ उठाने हेतु प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं खेल विभाग के अधिकारियों के साथ सामूहिक चित्र लिया गया। इस दौरान छात्रों में उत्साह और ऊर्जा स्पष्ट रूप से दिखाई दी। यह भ्रमण उनके लिए न केवल शैक्षणिक बल्कि प्रेरणादायी भी रहा। जिला खेल और युवा कल्याण विभाग, सिवनी युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करने एवं उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट अवसर प्रदान करने के लिए सतत कार्यरत है। विभाग द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के शैक्षणिक व प्रायोगिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिससे अधिकाधिक छात्र-छात्राएँ खेलों के प्रति प्रेरित हो सकें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.