सागर में सागर में उत्साह के साथ हो रहा मतदान, सुबह 9 बजे तक 14.33 प्रतिशत वोटिंग

सागर। सागर लोकसभा क्षेत्र में मतदान का कार्य तेज गति से चल रहा है। कई मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे के पहले ही मतदाता पहुंच गए थे। सभी जगह सुबह सात बजे से मतदान का कार्य शुरू हुआ। सुबह नौ बजे तक सागर लोकसभा क्षेत्र में 14.33 प्रतिशत मतदान हो चुका। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। जानकारी के मुताबिक भाजपा प्रत्याशी डा. लता वानखेड़े ने सुबह जल्द ही मकरोनिया क्षेत्र में बने मतदान केंद्र पर परिवार सहित पहुंचकर मतदान किया। इसके बाद वे क्षेत्र में निकल गई। वहीं महापौर संगीता तिवारी ने अपने पति सुशील तिवारी व परिवार सहित महारानी लक्ष्मी बाई सीएम राइज स्कूल पहुंचकर मतदान किया। सागर विधायक शैलेंद्र जैन ने आंबेडकर वार्ड में बने मतदान केंद्र पर मतदान किया। वहीं पूर्व मंत्री व खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह ने खुरई में मतदान किया।

कोई मायके से आया मतदान के लिए तो किसी ने विवाह की रस्म के बीच किया मतदान

 

मतदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। शनिवार्ड निवासी आरफा खान ने बताया कि वे अपने मायके बंडा गई हुई थी, केवल मतदान करने के लिए आज यहां आई हूं। मतदान के बाद वापस जाकर छुट्टी बिताएंगे। वहीं जैसीनगर के मोचल गांव के राजीव अहिरवार की शादी है। उनकी हल्दी चढ़ने की रस्में हो रही थीं, वे इसी रस्म को पूरा कर मतदान करने पहुंचे।

सुबह 9 बजे तक विधान सभा वार मतदान प्रतिशात की जानकारी

बीना-14.82

खुरई-13.99

कुरवाई-16.59

नरयावली-14.71

सागर-12.50

शमशाबाद-14.83

सिरोंज-15.12

सुरखी-13.89

मतदान केंद्र पर किए इंतजाम

मतदान केंद्र पर पुलिस सुरक्षा के साथ-साथ चिकित्सीय सुविधा की भी व्यवस्था थी। गर्मी को देखते हुए मौके पर ठंडे पानी की व्यवस्था की गई है। साथ ही डाक्टरों की टीम ने चेकअप कर दल के अधिकारी व कर्मचारियों को मतदान कराने के लिए रवाना किया है।

 

197 पिंक बूथ बने, जहां महिलाएं सिर्फ महिलाओं की तैनाती

लोकसभा चुनाव के लिए कुल 2077 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से तीन मतदान केंद्र अतिरिक्त बने, जहां 16 सौ से अधिक मतों की संख्या थी। जानकारी के मुताबिक लोकसभा क्षेत्र में 197 पिंक बूथ बने हैं, जहां केवल महिलाओं की ड्यूटी ही लगाई गई है। इसमें सागर विस क्षेत्र में पिंक बूथ की संख्या 60 है। वहीं इसके बाद नरयावली विस क्षेत्र में 50, बीना में 20, खुरई में 27, सुरखी में पांच, कुरवाई में सात , सिरोंज में 25 एवं शमशाबाद में केवल तीन पिंक बूथ बनाए गए हैं।

संवेदनशील मतदान केंद्रों में सुरखी व खुरई सबसे आगे

 

सागर लोकसभा क्षेत्र में 599 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। इनमें सबसे अधिक संवेदनशील केंद्र सुरखी व खुरई विधानसभा क्षेत्र के तहत है। वहीं नरयावली व बीना में इनकी संख्या कम है। जानकारी के मुताबिक सुरखी में कुल 271 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 92 मतदान केंद्र संवदेनशील की श्रेणी में हैं। वहीं खुरई में 254 में से 90 मतदान केंद्र संवेदनशील हैं। वहीं बीना में 232 में से 66, नरयावली में 268 में से 65, सागर में 249 में से 67 कुरवाई में 296 में से 73, सिंरोज में 254 में से 72 व श्मशाबाद में 253 में से 74 मतदान केंद्र संवेदनशील केंद्र हैं। इन केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। मतदान में गड़बड़़ी की आशंका के चलते यहां प्रशासन ने सख्ती बरती है।

 

9 लाख पुरुष और 8 लाख महिला मतदाता करेंगे मतदान

 

 

सागर लोकसभा सीट पर 17 लाख 45 हजार 690 मतदाता मतदान करेंगे। जिसमें 8 लाख 30 हजार 631 महिला और 9 लाख 15 हजार 081 पुरुष मतदाता शामिल हैं। इसमें 41 अन्य मतदाता वोट डालेंगे। इसके लिए लोकसभा क्षेत्र में 2077 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। चुनाव को लेकर सुरक्षा इंतजामों में चार हजार से अधिक पुलिस बल तैनात किया गया है।

कुरवाई में सबसे ज्यादा 296 मतदान केंद्र

 

सागर लोकसभा सीट में सागर जिले की पांच विधानसभा बीना, खुरई, सुरखी, नरयावली, सागर और विदिशा जिले की तीन विधानसभा कुरवाई, सिरोंज और शमशाबाद शामिल हैं। इसमें बीना विधानसभा में सबसे कम मतदाता एक लाख 91 हजार 171 हैं। वहीं सबसे ज्यादा मतदाता नरयावली विधानसभा में 2 लाख 38 हजार 937 हैं। इसके अलावा खुरई में 2 लाख 13 हजार 885 सुरखी में 2 लाख 24 हजार 894, सागर में 2 लाख 13 हजार 248 और विदिशा जिले की कुरवाई विधानसभा में 2 लाख 37 हजार 056, सिरोंज में 2 लाख 24 हजार 090, शमशाबाद विधानसभा में 2 लाख 2 हजार 409 मतदाता हैं। मतदान के लिए सबसे ज्यादा कुरवाई विधानसभा में 296 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसके साथ सागर में 249, बीना में 232, खुरई में 254, सुरखी में 271, नरयावली में 268, सिरोंज में 254 और शमशाबाद में 253 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

 

 

वर्ष 2019 के चुनाव में हुआ था 65.51 प्रतिशत मतदान

 

सागर लोकसभा सीट पर वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में 65.51 प्रतिशत मतदान हुआ था। इसमें भाजपा के राजबहादुर सिंह ने कांग्रेस के प्रत्याशी प्रभु सिंह को 3 लाख 5 हजार 542 वोटों से हराया था। इसमें भाजपा के राजबहादुर सिंह को 6 लाख 46 हजार 231 वोट मिले थे। वहीं कांग्रेस के प्रत्याशी प्रभु सिंह को 3 लाख 40 हजार 689 वोट पड़े थे। इनके अलावा चुनावी मैदान में 9 अन्य प्रत्याशी थे।

 

वेबकास्टिंग से 950 मतदान केंद्र पर नजर

 

स्मार्ट सिटी के आई ट्रिपल सी (इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर) में 90 स्क्रीन के माध्यम से 950 मतदान केंद्रों पर नजर रखी जा रही है। यह कार्य बेबकास्टिंग के माध्यम से किया जा रहा है। इसके लिए 107 अधिकारी कर्मचारी 24 घंटे कार्य कर रहे हैं। वहीं चुनाव में लगे 300 से अधिक छोटे-बड़े वाहनों एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट की गाड़ियों में जीपीएस भी लगाए गए हैं।

 

8000 से ज्यादा मतदान कर्मी

 

 

सागर संसदीय क्षेत्र में निर्वाचन को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए सभी 2077 मतदान केन्द्रों पर प्रत्येक में 4-4 मतदान कर्मी तैनात है। इस प्रकार कुल 8,308 मतदान कर्मी मतदान प्रकिया को संपन्न करा रहे हैं। इनके अलावा 393 माइक्रो आर्ब्जवर, 53 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 195 सेक्टर ऑफीसर भी निर्वाचन क्षेत्र में तैनात किए गए हैं।

 

45 सौ सुरक्षा कर्मी ने संभाला सुरक्षा का मोर्चा

 

 

सागर लोकसभा सीट के शांतिपूर्वक निर्वाचन के लिए पूरे संसदीय क्षेत्र में 4500 पुलिस कर्मी सुरक्षा मोर्चा संभाल रहे है। इनमें प्रथम श्रेणी पुलिस अधिकारी से लेकर पुलिस के जवान तक शामिल हैं। पुलिस कर्मियों के अलावा सीआरपीएफ की 3 कंपनी और एसएएफ की 2 कंपनी तथा एक क्यूआरएफ का दल भी सुरक्षा मोर्चा संभाल रहा है। सीआरपीएफ एवं की एसएएफ एक कंपनी में 72-72 क्यूआरएफ (क्विक रिस्पांस फोर्स) में 80 सुरक्षा जवान तैनात हैं।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.