Local & National News in Hindi

दिल्ली सरकार न्याय व्यवस्था में बाधक क्यों: मीनाक्षी

0 52

नई दिल्ली: भाजपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सांसद मीनाक्षी लेखी ने देशद्रोह के मामले में आरोपी कन्हैया कुमार और उसके साथियों पर मुकदमा चलाने की अनुमति न देने की केजरीवाल सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं।

प्रदेश भाजपा कार्यालय में एक पत्रकार वार्ता में मीनाक्षी लेखी ने कहा कि देश के 130 करोड़ लोगों का तब से खून खौल रहा है, जब से केजरीवाल सरकार के गृह मंत्रालय ने कन्हैया कुमार और उनके साथियों पर देशद्रोह का मुकदमा चलाने को लेकर कहा कि उनके खिलाफ  देशद्रोह के कोई सबूत नहीं मिले हैं। उन्होंने कहा जबकि दिल्ली पुलिस ने सबूतों व तथ्यों के आधार पर चार्जशीट तैयार कर न्यायालय के सामने गवाहियां करवाई व 40 से अधिक सबूत पेश किए हैं। हैदराबाद से फॉरेंसिक जांच के बाद आई हुई वीडियो में प्रत्यक्ष तौर पर दिख रहा है कि कन्हैया कुमार और उनके साथी देश विरोधी नारे लगा रहे हैं।

न्यायालय ने केस चलाने को लेकर दिल्ली सरकार से अनुमति मांगने की बात कही, लेकिन दिल्ली सरकार साढ़े तीन वर्षों तक जानबूझकर स्वार्थ परक राजनीति करते हुए पुलिस और न्यायालय के काम को बाधित कर रही है। सांसद लेखी ने कहा कि  केजरीवाल ने कन्हैया कुमार और उनके साथियों पर देशद्रोह का मुकदमा चलाने की अनुमति न देकर भारत के संविधान की धज्जियां उड़ाई हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या इन लोगों को आगामी विधानसभा चुनाव का टिकट देने की तैयारी कर रहे हैं।

जब फैसला नहीं, तो क्यों कन्हैया पर ड्रामा कर रहे भाजपाई : संजय सिंह
कन्हैया कुमार को लेकर आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने ट्वीट कर कहा है कि अमित शाह के पास दिल्ली में कोई मुद्दा नहीं है इसलिए कन्हैया कुमार के मामले पर भाजपा नौटंकी कर रही है। जब अरविंद केजरीवाल सरकार ने कन्हैया कुमार पर अभी तक कोई फैसला ही नहीं लिया तो प्रदर्शन और बयानबाजी का ड्रामा क्यों कर रहे हैं भाजपाई?

Leave A Reply

Your email address will not be published.