सिवनी
सिवनी में पेयजल संकट गहराया, भाजपा पार्षदों का नगर पालिका के खिलाफ धरना जारी

राष्ट्र चंडिका न्यूज़,सिवनी। नगर में लगातार गहराता पेयजल संकट अब जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर रहा है। सिवनी के अधिकांश मोहल्लों और गलियों में पानी की भारी किल्लत देखी जा रही है, जिससे आमजन को बूंद-बूंद पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों ने नगर पालिका परिषद कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। प्रदर्शनकारियों ने नगर पालिका प्रशासन पर नकारेपन और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि परिषद आम जनता की मूलभूत समस्याओं को लेकर पूरी तरह से उदासीन बनी हुई है।
धरना दे रहे भाजपा पार्षदों ने चेतावनी दी है कि जब तक नगर में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित नहीं की जाती और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
स्थानीय नागरिकों ने भी नगर पालिका से शीघ्र और प्रभावी कदम उठाने की मांग की है ताकि भीषण गर्मी में पानी की समस्या से राहत मिल सके।