24 फरवरी को आधे घंटे में होगा चौरई सिवनी स्पीड ट्रायल

राष्ट्र चंडिका, सिवनी।  चौरई – सिवनी के बीच रेल लाइन विद्युतीकरण कार्य का सीआरएस करने पीसीईई सहित सभी अधिकारी शुक्रवार 24 फरवरी को सिवनी आएंगे करीब आधे घंटे से कम समय में चौरई -सिवनी के बीच स्पीड ट्रायल किया जाएगा। सात साल बाद छिंदवाड़ा- सिवनी – नैनपुर अमान परिवर्तन का कार्य पूरा हो गया है। विद्युतीकरण का सीआरएस होने के बाद पटरी पर सवारी गाड़ी दौड़ाने का रास्ता साफ हो जाएगा।

जानकारी के अनुसार कमीशन आफ रेलवे सेफ्टी (सीआरएस) जांच करने बिलासपुर जोन के प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर (पीसीईई) रामेंद्र कुमार तिवारी 24 फरवरी को विद्युतीकरण कार्य का जायजा लेंगे। पीसीईई सुबह 8 बजे सिवनी स्टेशन पहुंचेंगे। 9 बजे से 2 बजे तक टावर बैगन से सिवनी से चौरई के बीच विद्युतीकरण कार्य का निरीक्षण किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 3 बजे से 3.30 बजे के बीच चौरई से सिवनी स्टेशन के बीच ट्रेन का स्पीड ट्रायल होगा।

विद्युतीकरण कार्य का जायजा लेने पीसीईई रामेंद्र कुमार तिवारी 23 फरवरी रात 8.45 बजे शिवनाथ एक्सप्रेस (18239) में बिलासपुर से रवाना होकर रात 1.50 बजे गोंदिया पहुंचेंगे। इसके बाद विशेष रेलगाड़ी से रात 3 बजे गोंदिया से रवाना होकर सुबह 8 बजे वे डीआरएम व अन्य अधिकारियों के साथ सिवनी रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे।

सिवनी-चौरई के विद्युतीकरण कार्य का निरीक्षण करने के बाद पीसीईई 3.45 बजे विशेष रेलगाड़ी से गोंदिया रवाना होंगे। सीआरएस की तैयारियों पर खबर दी जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.