सिवनी
सिवनी पुलिस का त्वरित एक्शन: 24 घंटे में तेलंगाना से दो नाबालिगों को छुड़ाया, आरोपी गिरफ्तार

राष्ट्र चंडिका न्यूज़, सिवनी, पुलिस ने एक बार फिर अपनी मुस्तैदी का परिचय देते हुए, गुमशुदा हुई दो नाबालिग लड़कियों को 24 घंटे के भीतर तेलंगाना से सकुशल दस्तयाब कर लिया है। इस मामले में एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मेहता के निर्देश पर, जिले के सभी थाना प्रभारियों को नाबालिगों की दस्तयाबी हेतु विशेष रूप से आदेशित किया गया था। इसी क्रम में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा और एसडीओपी बरघाट ललित गठरे के मार्गदर्शन में थाना कुरई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, थाना कुरई में अप.क्र. 323/2025 धारा 137(2) बीएनएस के तहत दो नाबालिग लड़कियों की गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया था। ये दोनों लड़कियां, जिनकी उम्र अठारह वर्ष से कम है, क्रमशः कक्षा आठवीं और नौवीं में पढ़ती हैं। वे प्रतिदिन घर से बस द्वारा स्कूल आती-जाती थीं। दिनांक 02/07/2025 को वे घर से स्कूल जाने के लिए निकलीं, लेकिन शाम को वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने 03/07/2025 को पुलिस चौकी बादलपार, थाना कुरई में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए, तत्काल पुलिस टीम का गठन किया गया। सायबर सेल की मदद से लड़कियों की लोकेशन नेकोंडा, तेलंगाना में ट्रेस की गई। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए तेलंगाना पहुंचकर दोनों नाबालिगों को सकुशल दस्तयाब कर लिया और इस मामले में एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। मामले की विवेचना जारी है।
इस सफल अभियान में थाना प्रभारी कुरई निरी. के. एस. तेकाम, चौकी प्रभारी बादलपार उप निरी. आर.एस. राजपूत, सउनि देवेन्द्र जायसवाल, प्रआर. राजेश मात्रे, योगेन्द्र सिंह चौहान, आर. प्रफुल्ल सोनेकर, विजय मर्रापे, अरविंद इनवाती, बालचंद नगरधने, अविनाश पाण्डेय और चंचलेश नरवरे की उल्लेखनीय भूमिका रही। सिवनी पुलिस के इस त्वरित और प्रभावी एक्शन की चारों ओर सराहना हो रही है।