मौसम में घुली ठंडक, बारिश में परीक्षा हॉल पहुंचे परीक्षार्थी, किसानों की बढ़ी चिंता
राष्ट्र चंडिका,सिवनी -सिवनी मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में रात्रि से लगातार बारिश सुबह तक हुई। जिसके कारण मौसम में जहां ठंडक बढ़ी तो वही किसानों को फसल नुकसानी की चिंता सता रही है। शुक्रवार रात्रि लगभग 2 बजे से सुबह लगभग 9 बजे तक लगातार पानी गिरा। जो सड़कों के ऊपर भी दिखाई दे रहा है। अभी भी मौसम बना हुआ है।
इस तरह समय लगातार बारिश ने किसानों को चिंता में डाल दिया है। क्योंकि किसानों की खड़ी फसल को नुकसान होने की संभावना जताई जा रही है। बीते कई दिनों से मौसम में बढ़ी उमस व तपिश ने लोगों को गर्मी की शुरुआत का एहसास दिला दिया था। वहीं अचानक हुई झमाझम बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दिलाई। वहीं खेती में लगी फसल के कारण किसान परेशान हो रहे हैं।
आसमान में छाए हैं बादल
अचानक मौसम ने पलटी मारी। और बारिश के बाद भी अभी आसमान में बादल छाए हुए हैं। बच्चों की परीक्षाएं चल रही है। वहीं आसपास से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं को पेपर देने सिवनी आना पड़ता है। जहां गिरते पानी मे बच्चे परीक्षा सेंटर तक पहुंचे।
लोगो ने निकाले गर्म कपड़े
गर्मी की शुरुआत के साथ लोगो ने गर्म कपड़े रख दिये थे। लेकिन रात्रि हुई बारिश के चलते ठंडे हुए मौसम के कारण लोगो ने गर्म कपड़े फिर निकाल लिए है। जिन्हें पहने लोग नजर आए।